
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर में मारपीट और जानलेवा हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में गाली-गलौज करने से मना करना एक मजदूर को भारी पड़ गया। आरोप है कि एक युवक ने पहले उसके साथ लकड़ी के डंडे से बेरहमी से मारपीट की और फिर उसकी पीठ पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में मजदूर के जबड़े, कान और दोनों पैरों में चोटें आई हैं, जबकि पीठ का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। पीड़ित को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां वह दो दिन तक भर्ती रहा। मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 कीर्तिनगर नयापारा निवासी राजेश ध्रुव रोजी-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। उसने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह व्यापार विहार से काम करके अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नयापारा में हगरू बाड़ा के सामने समीर कोरी ने उसे देखकर मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। राजेश ने जब उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपी ने उसकी पीठ के ऊपरी बाएं हिस्से पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मारपीट और चीख-पुकार सुनी। इसके बाद डायल 112 की मदद से उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दो दिनों तक भर्ती रहकर उसका इलाज चला।
अस्पताल से छुट्टी मिलने और तबीयत में सुधार होने के बाद पीड़ित 13 नवंबर को सिरगिट्टी थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी समीर कोरी के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 296 और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।