
उदय सिंह
बिलासपुर – सरकण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांटीडीह मेलापारा में छेड़छाड़ की शिकायत को लेकर अब नया विवाद सामने आया है।

वार्ड क्रमांक 59 की पार्षद सुनीता जगत ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को आवेदन देकर सागर जायसवाल के खिलाफ दर्ज शिकायत को कथित रूप से झूठा बताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने पूरे मामले के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि घटना के समय मोहल्ले के 15 से 20 महिला-पुरुष मौजूद थे, जो मामले की वास्तविकता बता सकते हैं।

पार्षद सुनीता जगत के आवेदन के मुताबिक, 1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे सुरेश यादव, निवासी अशोक नगर, अपनी महिला मित्र के साथ चांटीडीह मेलापारा स्थित शंभू सोनी के खंडहरनुमा मकान में कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में मिला था।मोहल्लेवासियों ने दोनों को रोककर पूछताछ की तो उन्होंने मकान किराए पर होने की बात कही। हालांकि, मकान मालिक के परिवार की महिला ने किरायेदार होने से इनकार करते हुए सुरेश यादव को पहचानने और उसकी पत्नी दूसरी होने की बात कही। आवेदन में दावा किया गया है कि इस घटनाक्रम का वीडियो भी पेनड्राइव में मौजूद है।

पार्षद का आरोप है कि मोहल्लेवासियों ने दोनों को समझाइश देकर जाने दिया, ताकि महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित न हो। लेकिन अगले दिन पुलिस ने सागर जायसवाल के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज होने की जानकारी दी। सागर उस समय व्यावसायिक काम से बाहर था। बाद में मोहल्लेवासी उसे लेकर सरकंडा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके फोन नहीं उठाने और बाद में बंद होने की बात आवेदन में कही गई है।

सुनीता जगत ने आरोप लगाया कि सुरेश यादव पूर्व में सागर जायसवाल के मकान में किराए पर रहता था। विवाद और व्यवहार को लेकर मकान खाली कराने के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। पार्षद ने इसी पुराने विवाद को शिकायत की वजह बताते हुए एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और किसी निर्दोष के भविष्य को प्रभावित होने से बचाने की मांग की है।