
उदय सिंह
बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला धुरीपारा में प्रेम विवाह को लेकर लंबे समय से चल रही रंजिश ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने अपने जीजा पर घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समीर खान 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी सनाया उर्फ शनाया 20 वर्ष और सास शाहिस्ता अली भी चाकू के हमले में घायल हो गईं। तीनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।मिली जानकारी के मुताबिक, घायल समीर खान ने करीब डेढ़ साल पहले मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ शनाया से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि विवाह के समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद भी दोनों परिवारों के बीच विवाद और नाराजगी बनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को चाकूबाजी की वजह माना जा रहा है। बताया गया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद ओमप्रकाश कथित तौर पर समीर के घर पहुंच गया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। समीर को सीने, हाथ और होंठ सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी और सास भी हमले की चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश में हुई इस वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।