
उदय सिंह
बिलासपुर – शहर का सिरगिट्टी इलाका कबाड़ कारोबार की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। यहां संचालित एक कबाड़ गोदाम में पुलिस की छापेमारी के दौरान जो हालात सामने आए, उन्होंने सामान्य कबाड़ कारोबार से आगे किसी संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका पैदा कर दी है। बिना नंबर की गाड़ियां, दूसरे जिलों से पहुंचे वाहन, अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट, कटी हुई चेसिस और गैस कटर से वाहनों की कटिंग जैसे साक्ष्य कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि कहीं यह गोदाम चोरी के वाहनों को काटकर उनकी पहचान मिटाने और उनके पुर्जों को कबाड़ में खपाने का सुरक्षित ठिकाना तो नहीं बन गया है? एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा रेल लाइन के पास CSIDC की जमीन पर संचालित कबाड़ कारोबार के ठिकाने पर दबिश दी। मौके पर करीब चार ट्रक माल लोड मिला। पुलिस चार लोड वाहनों को थाने ले गई।परिसर में हजारों टन कबाड़ फैला मिला। जांच के दौरान कई वाहन बिना नंबर के खड़े मिले। कुछ वाहनों के दूसरे जिलों से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई।
7-8 घंटे इंतजार, फिर भी नहीं दिखा सके दस्तावेज

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कारोबारियों से कबाड़ की खरीदी-बिक्री के बिल और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन करीब सात से आठ घंटे इंतजार के बाद भी कारोबारी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। बताया जा रहा है कि दूसरे जिलों से छोटे वाहनों में कबाड़ लाकर यहां जमा किया जाता है और फिर बड़ी गाड़ियों से रायपुर की फैक्ट्रियों तक भेजा जाता है। यदि कारोबार पूरी तरह वैध है तो माल के स्रोत, परिवहन और खरीद-बिक्री का हिसाब तत्काल सामने क्यों नहीं आया? यह सवाल जांच का विषय है।
गैस कटर से कट रहीं गाड़ियां, चेसिस और नंबर प्लेट भी मिलीं

गोदाम के भीतर का नजारा और भी चौंकाने वाला बताया जा रहा है। यहां दोपहिया वाहनों के पुर्जे, अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट, घिसे हुए चेसिस नंबर और बड़े वाहनों की कटी हुई चेसिस बिखरी मिली। मौके पर एक वाहन को गैस कटर से काटे जाने की भी जानकारी सामने आई। पुलिस की दबिश के दौरान अधिकांश कर्मचारी मौके से गायब हो गए। इन परिस्थितियों में आशंका उठना स्वाभाविक है कि कहीं चोरी के वाहनों को यहां लाकर पहले उनकी पहचान मिटाई जाती है और फिर उनके पुर्जे कबाड़ के रूप में खपाए जाते हैं। हालांकि, चोरी के वाहनों से इस गोदाम का सीधा संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। इसके लिए दूसरे जिलों की पुलिस से नंबर प्लेट और चेसिस नंबर का मिलान कराना बेहद जरूरी है।
GST विभाग की चुप्पी भी सवालों के घेरे में

पुलिस कार्रवाई की खबर मिलते ही GST विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही, लेकिन मौके पर तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दूसरे जिलों से कबाड़ आने की जानकारी भी अधिकारियों के सामने रखी गई। अब सवाल है कि हजारों टन कबाड़ का स्टॉक कहां से आया, कितने का कारोबार हुआ और कितना टैक्स जमा किया गया? 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य के माल के परिवहन में नियमानुसार ई-वे बिल की अनिवार्यता सहित बिल और टैक्स रिकॉर्ड की जांच भी जरूरी है। अनियमितता मिलने पर CGST एक्ट के तहत कार्रवाई हो सकती है।
CCTV फुटेज खोल सकते हैं वर्षों पुराने राज

गोदाम में सुरक्षा के नाम पर कई CCTV कैमरे लगाए गए हैं। यदि पुलिस इनके पुराने फुटेज की जांच करती है तो यह पता लगाया जा सकता है कि पिछले कई वर्षों से यहां किन वाहनों की आवाजाही रही, कहां से माल आता था और किन लोगों के माध्यम से कारोबार संचालित होता था। अब पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ तीन गाड़ियां जब्त करने तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की पहचान करने की है। कबाड़ खरीदने वालों, बेचने वालों, परिवहनकर्ताओं और गोदाम संचालकों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। बिना नंबर के वाहनों, कटी चेसिस और नंबर प्लेट का रिकॉर्ड खंगालना भी जरूरी है….अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचती हैं या मामला कुछ वाहनों की जांच और कागजी कार्रवाई तक सिमटकर रह जाती है।