
डेस्क

जांजगीर-चाम्पा- कटघोरा मार्ग बंद होने से पूरा ट्रेफ़िक दबाव सीपत बलौदा मार्ग पर पड़ रहा है, भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और इसी वजह से सड़क दुर्घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। एक बार फिर भारी वाहन की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई है वही उसकी बहन और मामा गंभीर रूप से घायल हो गए है। दरअसल बलौदा थाना अंतर्गत गांव बुडग़हन निवासी जवाहर दिवाकर की दो पुत्री रोशनी दिवाकर व रेशमा दिवाकर गांव के स्कूल में पढ़ाई करती थी। बड़ी बहन बारहवीं तो छोटी बहन आठवीं क्लास में पढ़ती हैं। हर रोज की तरह ही दोनों बहनें पैदल स्कूल गई थी। शाम करीब चार बजे दोनों बहनें स्कूल से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में उसका मामा बीरू बनर्जी मिल गया। इसके बाद दोनों बहनें मामा की बाइक पर सवार हो गए। वे लोग मेन रोड में लक्ष्मण ढाबा के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही ट्रेलर को देखकर वीरू बनर्जी अपनी बाइक को सड़क किनारे करने लगा। इसी दौरान लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी-10 आर 0701 ने बाइक को ठोकर मार दिया।

बाइक चालक व दोनों बहनें गिर गर्इं। तीनों के हाथ, पैर व सिर में गंभीर चोटें आई। आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई। इलाज के लिए दोनों बहनों को सीएचसी बलौदा ले जाया जा रहा था, इस दौरान रास्ते में ही छोटी बहन रेशमा ने दम तोड़ दिया। बड़ी बहन रोशनी की सिर, पैर में गंभीर चोटे आई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। चालक घटनास्थल से ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने हादसे को लेकर अपना आक्रोश जताया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिन्हें बाद में प्रशासन के द्वारा शांत कराया गया और चक्काजाम खत्म कराया गया।