
रमेश राजपूत
रायगढ़ – चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पूंजीपथरा पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में 134 टन स्क्रैप से लदे 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन जब्त किए गए हैं। साथ ही मिनी राइस मिल के पास डंप कर रखे मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली भी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए अवैध कबाड़ परिवहन और उसके भंडारण की जानकारी जुटाई। सूचना मिलने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर 6 ट्रकों और 1 माजदा वाहन को पकड़ा। इन वाहनों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित भारी मात्रा में स्क्रैप लोड था, जिसे स्थानीय औद्योगिक प्लांट में खपाने की योजना बताई जा रही थी। वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर लिया और उसका वजन कराया। पुलिस के अनुसार जब्त कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त किए गए वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक दर्ज कर धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में भी दबिश दी।

वहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौजूद मिला, जिसके पास से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की बड़ी मात्रा बरामद की गई। पुलिस को मौके से मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) मिलीं। इनकी कुल कीमत 76 हजार 560 रुपये आंकी गई है। आरोपी उक्त सामग्री के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने सामग्री जब्त कर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की। पूरी कार्रवाई में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के वाहन चालकों से स्क्रैप से लदे वाहन जब्त किए गए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।