मुंगेली

4 करोड़ की संपत्ति के लिए रची गई खौफनाक साजिश…. रिटायर्ड लेखापाल की सुपारी देकर हत्या, भाई-भतीजों समेत 11 गिरफ्तार

रमेश राजपूत

मुंगेली – छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर राजपूत 62 वर्ष की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि अपने ही सगे भाई, चचेरे भाई, भतीजों और रिश्तेदारों ने कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए करवा दी। इस अंधेकत्ल की गुत्थी को मुंगेली पुलिस ने त्रिनयन एप और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुलझाते हुए 11 आरोपियों और 4 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, दामोदर राजपूत 21 मार्च को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनकी मोटरसाइकिल ग्राम मनोहरपुर के राइस मिल मार्ग के पास लावारिस हालत में मिली। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। मामला संवेदनशील होने के कारण आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग और एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की लास्ट लोकेशन, जिले के एंट्री-एग्जिट पॉइंट और आसपास के कैमरों की बारीकी से जांच की। इसी दौरान एक स्लेटी रंग की हुंडई ईऑन कार दामोदर के पीछे-पीछे जाती दिखाई दी। पुलिस ने त्रिनयन एप के जरिए रूट चार्ट तैयार कर कार की गतिविधियों को ट्रैक किया और आखिरकार कार नंबर CG 10 AC 8986 तक पहुंच गई। वाहन मालिक से पूछताछ के बाद पुलिस की कड़ी संजय यादव तक पहुंची, जिसने पूछताछ में पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दामोदर राजपूत के छोटे भाई रणजीत उर्फ मुन्ना राजपूत, उसके साले पालेश्वर राजपूत और चचेरे भाई रामपाल सिंह राजपूत ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दामोदर और उसके बेटे के बीच पहले से चल रहे पारिवारिक विवाद का फायदा उठाकर रिश्तेदारों ने दामोदर को यह विश्वास दिलाया कि उसे अपने ही बेटे से जान का खतरा है। इसी डर का माहौल बनाकर उसकी जमीन, संपत्ति और सोना अपने नाम कराने की कोशिश की गई। यहां तक कि फर्जी वचनपत्र और नोटरी दस्तावेज भी तैयार किए गए, जिनमें बेटे को संपत्ति से अलग दिखाने का प्रयास किया गया।
योजना के तहत दामोदर को दुर्गा पूजा के बहाने झाफल बुलाया गया। रास्ते में मनोहरपुर के सुनसान इलाके में कार सवार आरोपियों ने उसकी बाइक रुकवाई और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को पहले ईऑन कार में रखा गया, फिर रास्ते में कार खराब होने पर स्पेशियो गोल्ड वाहन मंगवाकर शव को उसमें शिफ्ट किया गया। बाद में शव को कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के देवसरा गांव के जंगल में नदी किनारे गड्ढे में रेत के नीचे दफना दिया गया। इतना ही नहीं, पुलिस जांच को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने एक और चाल चली।

हत्या के बाद दामोदर का मोबाइल फोन प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया गया, ताकि यह भ्रम पैदा किया जा सके कि वह घर-परिवार छोड़कर कहीं साधु-संत बनने चला गया है। पुलिस ने इस एंगल पर भी जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कहानी की परतें खोल दीं। पुलिस ने मामले में सुपारी की रकम 96 हजार रुपए, घटना में प्रयुक्त हुंडई ईऑन कार, स्पेशियो गोल्ड कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त की है। थाना लालपुर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 40/26 के तहत धारा 61(2), 103(1), 140(2), 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब लालच रिश्तों पर भारी पड़ता है, तो अपना ही खून सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है। मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई तकनीक और सूझबूझ से सुलझाए गए बड़े मामलों में गिनी जा रही है।

error: Content is protected !!
Letest
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सरस्वती शिशु मंदिर में भव्य आयोजन, सामूहिक गायन से गूंजा विद्य... भारी बारिश का अलर्ट: कल पूरे छत्तीसगढ़ में स्कूल बंद, बच्चों की सुरक्षा के लिए CM साय का बड़ा फैसला सीपत:- जमीन पर सो रही दो बहनों की बिगड़ी तबीयत...13 वर्षीय नीशू की मौत, छह साल की छोटी बहन अस्पताल म... बिलासपुर:- निगम की संपदा शाखा में ACB का ट्रैप: 10 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार, साम... VIDEO:-तीज पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति का जलवा…एंका वर्मा बोलीं- ‘अमेजिंग एक्सपीरियंस’, तनिष्क के भजन ने ... बिलासपुर : 28 सितंबर से लूथरा शरीफ में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 5 लाख से ज्यादा जायरीन पहुंचने की उम्... चुनावी रंजिश में उपसरपंच को धमकी... इस्तीफे के लिए बनाया दबाव, दो आरोपी गिरफ्तार 19 साल से बिलासपुर में रह रहा था बांग्लादेशी, फर्जी दस्तावेजों का खुलासा...एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, पुलिस ट्रांसफर:- 22 पुलिस कर्मियों का तबादला...एसआई, एएसआई और कांस्टेबल हुए इधर से उधर, शासकीय खाते से 26.87 लाख का अनाधिकृत ट्रांजेक्शन.. बैंक क्लर्क गिरफ्तार,