
उदय सिंह
बिलासपुर – पेट्रोल बिक्री के क्षेत्र में बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के संयुक्त क्षेत्र में सर्वाधिक पेट्रोल बिक्री का रिकॉर्ड कायम करते हुए इंडियन ऑयल की पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप, बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इस शानदार उपलब्धि के लिए भोपाल में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में पेट्रोल पंप प्रबंधन को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।दो राज्यों के संयुक्त क्षेत्र में पेट्रोल बिक्री के मामले में शीर्ष स्थान हासिल करना बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सफलता बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित संचालन, कर्मचारियों की मेहनत और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है।

भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में इंडियन ऑयल तेल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बिलासपुर पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। अधिकारियों ने इस उपलब्धि को अन्य पेट्रोल पंप संचालकों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।गौरतलब है कि पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप द्वारा लंबे समय से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण ईंधन, पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इसी का परिणाम है कि बिक्री के क्षेत्र में पेट्रोल पंप ने दोनों राज्यों के अन्य आउटलेट्स को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।यह उपलब्धि महज पेट्रोल बिक्री का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यक्षमता,उच्चाधिकारियों की मार्गदर्शन, ओंकारधर दीवान की टीमवर्क और जनसेवा के प्रति समर्पण का भी प्रमाण है। इस सम्मान से बिलासपुर पुलिस का मान बढ़ा है और पुलिस परिवार में उत्साह का माहौल है। निश्चित रूप से यह सफलता बेहतर कार्यप्रणाली और सामूहिक प्रयासों से उत्कृष्टता हासिल करने की एक मिसाल बनकर सामने आई है।