
उदय सिंह
बिलासपुर – शहर में वाहन चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना से लगाया जा सकता है। ब्लिंकिट स्टोर के बाहर लॉक करके खड़ी बाइक को एक अज्ञात चोर महज 15 से 20 मिनट के भीतर पार कर गया। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, चोर की तस्वीर भी सामने आई, लेकिन घटना के कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी गई मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने से पीड़ित परेशान है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, तिफरा के कुंदरापारा वार्ड क्रमांक 05 निवासी हरीश खाण्डे ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता है। 8 नवंबर की शाम करीब 7:05 बजे वह अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CC 9104 लेकर मिनोचा कालोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पहुंचा था।
बाइक को स्टोर के बाहर लॉक करके वह पास स्थित एक अस्पताल में ऑर्डर डिलीवर करने चला गया। करीब 15-20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध बाइक चोरी कर ले जाते दिखाई दिया। फुटेज में आरोपी काले रंग का और सफेद टी-शर्ट व काली पैंट पहने नजर आ रहा है। पीड़ित ने 10 नवंबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर सामने आने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कैमरे में चेहरा और गतिविधियां कैद होने के बाद भी चोर का खुलेआम घूमना पुलिस की जांच और वाहन चोरी रोकने की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपी को पकड़ने और चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की है। चोरी गई बाइक की कीमत करीब 76 हजार रुपये से अधिक बताई गई है, जिसका फाइनेंस भी चल रहा है। बाइक नहीं मिलने से पीड़ित आर्थिक परेशानी के साथ रोजमर्रा के काम को लेकर भी मुश्किलों का सामना कर रहा है।