
रमेश राजपूत
जशपुर – चरित्र पर संदेह ने एक पति को इस कदर हिंसक बना दिया कि उसने अपनी ही पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा बताने के लिए पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी गढ़ी और परिजनों को गुमराह कर शव दफन भी करवा दिया। लेकिन मृतिका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ और उसने पुलिस से जांच की मांग की। कब्र से शव निकलवाकर कराए गए पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार का है। मृतिका पार्वती बाई 52 वर्ष का विवाह गांव के मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम 62 वर्ष से हुआ था। 6 नवंबर को शाम करीब 5 बजे पार्वती की बहू ने उसकी छोटी बहन सीता बाई को फोन कर मृत्यु की सूचना दी। अगले दिन सीता बाई गांव पहुंची तो बहन का शव घर के कमरे में पड़ा था। सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था। पति मुखलाल ने बताया कि पार्वती खाट से गिर गई थी और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। उसकी बात पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफन कर दिया। कुछ समय बाद सीता बाई को बहन की मौत पर संदेह हुआ। उसने 20 नवंबर को कुनकुरी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले की जांच की मांग की। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई, जिससे खाट से गिरने की कहानी संदिग्ध साबित हुई।
चरित्र शंका में टांगी से किया हमला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पति मुखलाल के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया। इसी बात से गुस्से में आकर घर में रखे टांगी के पासे से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पार्वती की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए खाट से गिरने की कहानी सुनाई, जिससे परिजन और समाज के लोग भ्रमित हो गए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर से बांस के बेंट वाला लोहे का टांगी बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में कुनकुरी पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।