रायगढ़

पेचकस से तोड़ते थे लॉक… ओडिशा तक फैला था नेटवर्क, पुलिस ने 21 चोरी की बाइक के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ा,

रमेश राजपूत

रायगढ़ – पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो भीड़भाड़ वाले बाजारों और बस स्टैंडों से मिनटों में मोटरसाइकिल पार कर देता था। पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की 21 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। खास बात यह है कि पुलिस ने केवल बाइक चुराने वालों को ही नहीं, बल्कि चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में पुराने चोरों और बाइक चोरों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान साइबर सेल को मुखबिर से सूचना मिली कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम धौराडांड निवासी सुखदेव चौहान और किलकिला निवासी शिव नागवंशी मिलकर रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा, धरमजयगढ़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा के इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने योजना बनाकर सुखदेव चौहान को हिरासत में लिया और जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी शिव नागवंशी के साथ मिलकर लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने बताया कि जुलाई 2025 में पूंजीपथरा के सराईपाली बाजार से एक पैशन प्रो, अगस्त 2025 में तुमीडीह बाजार से एक पल्सर, और मार्च 2026 में धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पोरिया से एक एचएफ डीलक्स बाइक चोरी की थी। इन मामलों में पहले से ही संबंधित थानों में अपराध दर्ज थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को अपने परिचितों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहद कम दाम में बेच देता था।

आरोपी ने जिन लोगों को बाइक बेचना स्वीकार किया, उनमें कार्तिक राम डूंगडूंग, रामकुमार वैष्णव, केशव यादव, भोजराम पैंकरा, जगदीश पैंकरा, शिवचरण चौहान, सुखचरण चौहान, अमित कुमार नागवंशी और शिवप्रसाद विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि 7 अन्य बाइक सुखदेव चौहान के घर के बाड़ी से जब्त की गईं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क केवल रायगढ़ तक सीमित नहीं था। चोरी की बाइक महुआ चौक पूंजीपथरा, सराईपाली बाजार, धरमजयगढ़ बस स्टैंड, कोतबा अटल चौक के अलावा ओडिशा के सरगीपाली, उज्जलपुर और लेफरीपारा तक से जुड़ी मिलीं। पुलिस के अनुसार, गिरोह सुनसान या भीड़भाड़ वाले ऐसे स्थान चुनता था, जहां लोग कुछ देर के लिए बाइक खड़ी कर निश्चिंत हो जाते थे।सबसे दिलचस्प खुलासा बाइक चोरी के तरीके को लेकर हुआ। दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और गाड़ियों की मरम्मत का काम भी जानते हैं। इसी तकनीकी समझ का फायदा उठाकर वे पेचकस और सामान्य औजारों से कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ देते थे।

चोरी के बाद बाइक को कुछ दिन सुनसान जगहों पर छिपाकर रखा जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। इसके बाद उन्हें सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। पुलिस ने मामले में संगठित अपराध के तत्व पाए जाने पर मुख्य आरोपियों के खिलाफ धारा 112(1) बीएनएस जोड़ी है, जबकि चोरी की संपत्ति खरीदने वालों पर धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। इस बड़ी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित साइबर सेल, पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल गिरोहों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। चोरी करने वालों के साथ चोरी का सामान खरीदने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा। रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ एक बड़े चोरी गिरोह के पर्दाफाश के रूप में देखी जा रही है, बल्कि यह भी साफ कर गई है कि अब बाइक चोरों के साथ-साथ चोरी की संपत्ति खरीदने वाले भी पुलिस के रडार पर हैं।

error: Content is protected !!
Letest
ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर रकम देकर प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार...गिरवी रखे 8 बाइक जब्त पेचकस से तोड़ते थे लॉक... ओडिशा तक फैला था नेटवर्क, पुलिस ने 21 चोरी की बाइक के साथ अंतर्राज्यीय गिरो... मोमोज ठेले पर विवाद के बाद चाकू, बैट और टंगिया लेकर पहुंचे युवक....सरेराह गुंडागर्दी, तोरवा थाने में... सीपत एनटीपीसी में डबल नंबर प्लेट वाली हाईवा पकड़े जाने पर बवाल....वाहन मालिक ने ट्रैफिक सुपरवाइजर से... प्रेम प्रसंग में युवक को जिंदा दफनाया, अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने महिला समेत 5 को दबोचा,... बिलासपुर:- फर्जी मैरिज ब्युरो पर पुलिस का शिकंजा...2 महिलाओं सहित 4 आरोपी चढ़े हत्थे, ऑनलाइन पैसों की... धान घोटाले में बड़ा एक्शन... गतौरा खरीदी केंद्र के 3 आरोपी गिरफ्तार, 28.51 लाख के गबन का खुलासा दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा.. चोरी की नीयत से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति को उतारा था मौत ... शोभायात्रा के दौरान युवक पर चाकू से हमला, मामूली विवाद बनी हिंसक... चार के खिलाफ मामला दर्ज घरेलू विवाद ने ली दो जिंदगियां.... पत्नी और बेटी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार