
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में विवाह समारोह के बाद हुए खूनी हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा और पड़ोसियों ने एक ही परिवार पर धारदार हथियारों व लाठियों से हमला बोल दिया। इस सनसनीखेज वारदात में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम पेंडारी के आवासपारा में विवाह कार्यक्रम के बाद परिवार के लोग घर के बाहर मौजूद थे।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी एकजुट होकर टंगिया, हंसिया और लाठी लेकर हमला कर बैठे। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी नहीं छोड़ा गया। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए जिन्हें गंभीर चोटें आने के बाद सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही एक सदस्य को रायपुर रिफर किया गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्रार्थी राजा बघेल की रिपोर्ट पर सकरी थाना में अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में अर्जुन कुमार बघेल, लक्ष्मण बघेल, दिलीप बघेल, सुमित्रा बघेल तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है