
रमेश राजपूत
जशपुर – शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने खाना मांगने की बात पर हुए विवाद में अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। अधजले लकड़ी के डंडे से हाथ, पैर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए जाने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिल दहला देने वाली यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका वेनेदिक्ता कुजूर का पति सुरेन्द्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया था। घर में उसकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल 22 वर्ष शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगा। मां ने दिन का खाना रखे होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर हमला कर दिया। आरोपी ने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची अपनी बहन को भी डंडे से पीट दिया। इसके बाद छोटे भाई को खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाते हुए आरोपी मौके से फरार हो गया और जुरगुम की ओर चला गया।अगली सुबह परिचित से घटना की जानकारी मिलने पर पति जिला अस्पताल पहुंचा। वहां पत्नी ने उसे पूरी घटना बताई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद कर अधजले लकड़ी के डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा भी जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी रोशन मनोरा के शासकीय नवीन महाविद्यालय में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 369/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।