
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीकर आए दिन घर में गाली-गलौच और विवाद करने वाले बेटे की हरकतों से परेशान 71 वर्षीय पिता ने गुस्से में आकर उसकी टंगिया से वारकर हत्या कर दी। घटना 9 नवंबर की रात की है। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रावेन्द्र सिंह मंडावी पिता दिलहरण मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सूचक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गवाहों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मृतक के पिता दिलहरण मंडावी 71 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पुत्र की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शराब की लत और रोजाना के विवाद से था नाराज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचकर गाली-गलौच करता और विवाद खड़ा करता था। बेटे की इस हरकत से वह लंबे समय से नाराज था। इसी नाराजगी और गुस्से में उसने टंगिया से पुत्र पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टंगिया बरामद कर जब्त कर ली है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी दिलहरण मंडावी, पिता स्व. छेदू मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले का त्वरित खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, पीएसआई रितेष परमा, एएसआई नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, देव मरकाम और महिला आरक्षक श्वेता सिंह का योगदान रहा।