
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत शराब भट्टी के पास सोमवार शाम हाइवा चालक की गंभीर लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाइवा क्रमांक CG 10 C 9445 का पिछला डाला उठा हुआ था और चालक उसी हालत में वाहन को मेन रोड पर दौड़ा रहा था। इसी दौरान हाइवा का उठा हुआ डाला सड़क ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोर्ड टूटकर हाइवा के ऊपर ही गिर पड़ा। हादसे के दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार भी टूटकर नीचे आ गिरा।घटना के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। बिजली का तार सड़क पर गिरने से मेन रोड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, बिजली का तार टूटने से आसपास के क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया। यदि बिजली का तार किसी व्यक्ति या वाहन पर गिर जाता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। हाइवा का पिछला डाला उठाकर सड़क पर वाहन चलाना चालक की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।