
रमेश राजपूत
बिलासपुर – थाना कोटा पुलिस ने डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के ब्वॉयज हॉस्टल से लापता हुए छात्र को आखिरकार नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। करीब डेढ़ महीने से चल रही तलाश के बाद पुलिस को यह सफलता मिली। मामले में छात्र के ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के डर का खुलासा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुम इंसान क्रमांक 29/2026 के तहत 7 मार्च 2026 को राजा मिश्रा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 20 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया बिहार जो कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में बी. फार्मेसी चौथे सेमेस्टर का छात्र था, 6 मार्च से छात्रावास से अचानक लापता हो गया है। परिजनों और सहपाठियों से पूछताछ के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर छात्र के क्लासमेट्स से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों की जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही दमोह, मथुरा और वृंदावन जैसे शहरों में भी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच 25 अप्रैल को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और 26 अप्रैल को उसे नागपुर से बरामद कर कोटा लाया गया। पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो गया था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा रहा था। कर्ज बढ़ने और परिवार को सच्चाई बताने के डर से उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।