
उदय सिंह
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस समेत पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। झारखंड के रहने वाले युवक विनोद लोमगा की उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी किनारे कीचड़ भरे खेत में फेंककर छिपाने की कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी पूनम लोमगा, उसके प्रेमी सुगड टोपनो, इंदल मांझी और अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 61 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी राजेश लोमगा ने पुलिस को बताया कि वह झारखंड के सिमडेगा जिले में जेसीबी रिपेयरिंग का काम करता है।

उसका बड़ा भाई विनोद लोमगा 18 मई 2026 को पत्नी पूनम लोमगा के साथ घर से निकला था। पूनम ने परिवार को बताया था कि वे राउरकेला पैसे लेने जा रहे हैं। इसके बाद 20 मई को वह अकेले घर लौटी और परिवार वालों से कहा कि विनोद राउरकेला में काम के सिलसिले में रुक गया है। इतना ही नहीं, वह विनोद का मोबाइल भी अपने साथ लेकर वापस आ गई थी। भाई से संपर्क नहीं होने और पूनम की गतिविधियों पर शक होने के बाद परिवार ने 21 मई को थाना जलडेगा चौकी ओडगा में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जब पूनम से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पूछताछ में पूनम ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी सुगड टोपनो, उसके दोस्त इंदल मांझी और अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने विनोद को पैसे दिलाने का झांसा देकर लोकल ट्रेन से बिलासपुर लाया। यहां रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी किनारे सुनसान इलाके में 19 मई की सुबह करीब 3 से 5 बजे के बीच गमछे से उसका गला घोंटा गया और फिर चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया गया।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेलवे पोल संख्या 722/2FO एवं 722/3FO के बीच पटरी किनारे स्थित पानी और कीचड़ से भरे खेत में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो और शव आसानी से छिपा रहे। ओडगा पुलिस और परिजनों के साथ बिलासपुर पहुंचे राजेश लोमगा ने शव की पहचान अपने भाई विनोद लोमगा के रूप में की। मामले की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। प्रेम प्रसंग में रची गई इस खौफनाक साजिश ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की यह वारदात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।