
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला शिक्षिका को बदनाम करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर 76,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक, जो खुद को सुनील बता रहा था, के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली 42 वर्षीय महिला शिक्षिका के मोबाइल पर 4 जुलाई की दोपहर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने वाली है। साथ ही वीडियो वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी भी दी गई।आरोपी की बातों से घबराई शिक्षिका ने अपनी बदनामी के डर से उसके बताए क्यूआर कोड पर अलग-अलग किश्तों में कुल 76,500 रुपये फोनपे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए 28,993.13 रुपये की राशि होल्ड करा दी। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर डरकर पैसे ट्रांसफर न करें। यदि कोई व्यक्ति गिरफ्तारी, एफआईआर, अश्लील सामग्री या डिजिटल जांच के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसकी बातों में न आएं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।