
रमेश राजपूत
जशपुर – सरगुजा रेंज में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त तीन कारें तथा दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन एवं डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा वाहनों के माध्यम से अंबिकापुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना कुनकुरी, बगीचा और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की। पहली कार्रवाई थाना कुनकुरी क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने संदिग्ध इनोवा कार OD-17J-0205 का पीछा किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 46.70 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार भी जब्त कर ली गई। फरार चालक की तलाश जारी है।

दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने ब्रेजा कार OD-02BH-9811 से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया। ब्रेजा का चालक भी वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं तस्करों की रेकी कर रही आर्टिगा कार OD-16N-9229 को रोककर उसमें सवार दो आरोपियों सचिन्द्र राउत 29 वर्ष और मोहम्मद सगीर 26 वर्ष, दोनों निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा), को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों के लिए रेकी करने की बात स्वीकार की।दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के दौरान 1,269.071 किलोग्राम गांजा, 1,840 कफ सिरप, 875 नशीले इंजेक्शन, 130 गांजा के पौधे और ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी है। इस अवधि में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।