
रमेश राजपूत
बिलासपुर – जिले में बारिश के साथ सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में सोमवार की रात जहरीले सांप के डसने से सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। इसी दौरान बिस्तर में पहुंचे सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे लेकर सिम्स पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कड़ार निवासी शनि कुमार सूर्यवंशी की 12 वर्षीय बेटी अनु कुमारी सातवीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार की रात वह अपनी मां के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान बिस्तर में सांप आ गया और उसने छात्रा को डस लिया। सांप के डसने का अहसास होते ही अनु ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गए, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजन गंभीर हालत में छात्रा को सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना सिम्स प्रबंधन ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बारिश के मौसम में बढ़ रहा खतरा
लगातार बारिश के बीच जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सर्पदंश के मामले सामने आ रहे हैं। घरों में पानी और नमी के कारण सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जमीन पर सोने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए।