
रमेश राजपूत
सक्ती – बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम दुरपा में सौतेली मां की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने लकड़ी के बेड़ी से महिला पर हमला किया था, जिससे गंभीर अंदरूनी चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतिका की पहचान कौशिल्या सिदार 55 वर्ष पति कार्तिक राम सिदार, निवासी दुरपा के रूप में हुई है। मामले में आरोपी अनिल कुमार सिदार कार्तिक राम सिदार 38 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:45 बजे की है। मर्ग जांच, पंचनामा, वारिसान एवं गवाहों के कथनों के आधार पर सामने आया कि आरोपी ने कौशिल्या सिदार पर लकड़ी के बेड़ी से हमला किया था। मृतिका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने शरीर पर कठोर एवं वजनी वस्तु से बलपूर्वक प्रहार किए जाने के कारण सिर में गंभीर चोट, हड्डियों के टूटने और आंतरिक रक्तस्राव होने की बात कही है। इसके बाद शॉक लगने से श्वास एवं हृदयगति रुकने को मृत्यु का कारण बताया गया।
मर्ग जांच में हत्या का अपराध पाए जाने पर बाराद्वार पुलिस ने अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बेड़ी 12 अगस्त को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव, सउनि एमपी मन्नेनवार और प्रधान आरक्षक देवनारायण चंद्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।