
उदय सिंह
बिलासपुर -दिवाली का त्योहार मनाने अपने गांव लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सकरी-बिलासपुर मार्ग पर लोखंडी ओवरब्रिज के आगे ग्राम तुर्काडीह के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गतौरी निवासी रितेश बघेल और उसका छोटा भाई साहिल बघेल रायपुर में काम करते थे। दीपावली का त्योहार मनाने दोनों अपने गांव लौट रहे थे। 7 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वे मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BJ2839 से ग्राम तुर्काडीह स्थित नेशनल हाईवे-130 पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG10BZ6748 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में साहिल बघेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रितेश बघेल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।घटना के प्रत्यक्षदर्शी गज्जू ओगरे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी रामायण देवी ओगरे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हादसे को अपनी आंखों से देखा। उन्होंने घटना की जानकारी मृतक रितेश के चाचा सुभाष बघेल और रिश्तेदार प्रेमलाल पाटले को दी तथा उनके साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।मामले में थाना कोनी पुलिस ने ट्रेलर क्रमांक CG10BZ6748 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं 281 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।