
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती डालने की योजना बना रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, दो लोहे के पैरा/कटिया नुमा हथियार, एक एयर गन और चार लोहे की कुदाली बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 12 अगस्त की दरमियानी रात बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किकिरदा जाने वाले रास्ते पर देशी-विदेशी शराब दुकान रोड के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार पांच लोग घातक हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती डालने की योजना बनाना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार और दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं।मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार कर्ष 28 वर्ष मुड़पार, जितेंद्र साहू 29 वर्ष कनसदा, राजेंद्र उर्फ राजा साहू 33 वर्ष करही, रंजीत साहू 27 वर्ष तुस्मा और भीम साथी 27 वर्ष शिवरीनारायण शामिल हैं। यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन और एएसपी जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा एवं उनकी टीम, पुलिस सहायता करही प्रभारी एएसआई राम प्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन, आरक्षक अर्जुन यादव सहित बिर्रा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्क रात्रि गश्त और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को दबोच लिया गया।