
उदय सिंह
रायगढ़ – अदाणी पावर लिमिटेड (APL), छोटे भंडार में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में प्लांट के अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) एवं प्रोजेक्ट हेड द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर अपने संबोधन में CBO ने राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति, विश्वसनीय विद्युत उत्पादन और स्थानीय समुदाय के विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रोजेक्ट हेड ने 2×800 मेगावाट परियोजना की प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न सीएसआर एवं सामुदायिक विकास पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अदाणी पावर स्थानीय समुदायों के विकास, युवाओं के कौशल विकास और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सुरक्षा विभाग के 26 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं प्लांट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 19 कर्मचारियों को स्पॉट रिकग्निशन अवॉर्ड प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर (ASDC) एवं सिलाई केंद्र के प्रशिक्षुओं ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।प्राथमिक शाला आमलीभौना एवं कोटमारा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं अदाणी पावर ग्रीन हार्मनी लेडीज क्लब की सदस्यों ने देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों ने भी देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं संगीत की प्रस्तुतियां देकर समारोह को विशेष बना दिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर CBO एवं प्रोजेक्ट हेड ने सभी प्रतिभागी बच्चों, प्रशिक्षुओं तथा ग्रीन हार्मनी लेडीज क्लब की सदस्यों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।