
रमेश राजपूत
रायगढ़ – पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सोमवार देर रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। फायरिंग में दुकान की सुरक्षा में तैनात प्राइवेट गार्ड के पेट में गोली लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कलगामुड़ा निवासी 43 वर्षीय चन्द्रशेखर पटेल ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। सोमवार रात करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और अपने दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने की बात कहते हुए विवाद करने लगा। बताया गया कि युवक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली चन्द्रशेखर के पेट में लगी। गोली लगते ही वह जान बचाने के लिए शराब दुकान के आहाता के पीछे जाकर छिप गया। इसके बाद उसने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।घटना की गंभीरता को देखते हुए टीआई पूंजीपथरा रामकिंकर यादव, साइबर टीआई विजय चेलक समेत पुलिस, आबकारी और डायल 112 की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार शराब दुकान बंद होने के बाद अक्सर कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचकर गाली-गलौज और उपद्रव करते थे। घायल गार्ड की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुखबिरों की मदद ले रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पतासाजी जारी है।