
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर राहगीरों को रोककर चाकू और बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का सरकंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 47 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, तीन धारदार चाकू, बेल्ट, नगदी और अन्य सामान बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी अनिश सूर्यवंशी के कब्जे से धारदार चाकू मिलने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा बैमा-नगोई बाईपास रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान लाल-काले रंग की बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और बेल्ट से मारपीट करते हुए सैमसंग 5जी मोबाइल, बैग, एटीएम कार्ड, पासबुक, रेनकोट सहित करीब 20,500 रुपये का सामान लूट लिया। इसके बाद इसी रात सेंदरी-मोपका बाईपास पर अभिनव शास्त्री और नितेश यादव को भी चाकू दिखाकर मोबाइल फोन और दस्तावेज लूट लिए गए। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो 11 अगस्त की एक अन्य वारदात भी सामने आई। नगोई मंदिर जा रहे हिमांशु सिंह को तीन लोगों ने रास्ते में रोककर उसके दो मोबाइल फोन, नगदी और अन्य सामान लूट लिया था। लगातार सामने आ रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बहतराई क्षेत्र से चन्द्रभान साहू उर्फ नानू, अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू, अजय कुमार लोहार उर्फ जय उर्फ महेश विश्वकर्मा, करन सारथी, जानवीर सूर्यवंशी उर्फ जानी, लक्की विश्वकर्मा और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों से लूट की घटनाओं के संबंध में जानकारी मिलने पर उनके कब्जे से 47 स्मार्ट मोबाइल, कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, तीन चाकू और बेल्ट भी जब्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां आदेशानुसार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल बिलासपुर और अपचारी बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य तथा मोपका चौकी प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में की गई।