
जुगनू तंबोली
बिलासपुर – रतनपुर पुलिस ने चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 महिलाओं सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की रकम में से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वे अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर गए थे। वापस लौटते समय दोनों नेहरू चौक से बांकीमोंगरा जाने वाली बस में सवार हुए। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को दबा दिया। महिलाएं शनिचरी चौक रतनपुर के पास उतर गईं। बस खाली होने के बाद जब गीता प्रधान ने अपने गले को देखा तो सोने की चेन गायब थी। शिकायत के बाद पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो निवासी के रूप में हुई। इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने समूह बनाकर बस में महिला से धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों ने 12 हजार रुपये खर्च करना बताया, जबकि 8 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी शामिल हैं। फरार आरोपी सुरतनी गिरी की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।