
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले को सीपत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी करीब 8:30 बजे घर में बाहर से ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गई थीं। करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 10 हजार रुपये नकद गायब थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सीपत पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदेही दिनेश सोनवानी को घटना के समय आसपास देखा गया था। पूछताछ में पहले उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसने घर में ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी किए थे और पकड़े जाने के डर से जेवर अपने सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे। आरोपियों की निशानदेही पर 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश सोनवानी 31 वर्ष, निवासी दर्राभाठा और सनिता कौसले 37 वर्ष निवासी रामा केयर अस्पताल बिलासपुर शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।