
रमेश राजपूत
बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तंत्र साधना करने का आरोप लगाकर एक कथित अघोरी के साथ कुछ लोगों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अघोरी को जमीन पर घसीटते, बाल खींचते और बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग अघोरी को जमीन पर घसीटते हुए उसके बाल खींच रहे हैं। इस दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की जा रही है। वीडियो में उसके मुंह से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है। मारपीट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घायल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
महिला के शव से छेड़छाड़ के आरोप से मचा बवाल
घटना को लेकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों का आरोप है कि अघोरी श्मशान घाट में एक महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर लोगों ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि, महिला के शव के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना किए जाने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की जांच में सामने आई शराब पीने की बात
वहीं, पुलिस कि शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि गांव के ही तीन लोग वहां बैठकर शराब पी रहे थे, जिनके साथ मारपीट की गई। घटना के संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
श्मशान घाट में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मारपीट की असली वजह क्या थी? क्या महिला के शव के साथ छेड़छाड़ की गई थी या फिर आपसी विवाद को लेकर हिंसा हुई? फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।