
उदय सिंह
बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार जेसीबी ऑपरेटर मामा की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश में जुट गई है।पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेवरा मेंढ़पार निवासी शेखर मरकाम जेसीबी ऑपरेटर थे।

मंगलवार को वे अपने भांजे रंजीत आर्मो के साथ जेसीबी के काम से ग्राम पौंसरी गए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे ग्राम गतौरी के पास रतनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मामा शेखर मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के पीछे बैठे भांजा रंजीत आर्मो गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया। वहीं, घायल रंजीत को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
रंजीत ने पुलिस को बताया कि वे राजमिस्त्री के साथ कुली का काम करते हैं, जबकि उनके मामा शेखर मरकाम जेसीबी ऑपरेटर थे। दोनों सुबह से शाम तक जेसीबी मालिक के आने का इंतजार करते रहे। मालिक के नहीं पहुंचने पर वे वापस गांव लौटने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान हादसा हो गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वही पुलिस घटनाकारिता ट्रेलर की पतासाजी में जुट गई है।