
उदय सिंह
बिलासपुर – सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। सकरी थाना क्षेत्र में दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को इंस्टाग्राम के पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया। वीडियो की जानकारी मिलते ही सकरी थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जिस पर सकरी पुलिस ने टीम गठित कर वीडियो में नजर आ रहे युवकों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उनकी पहचान सुनील पाल उर्फ बुटटी 20 वर्ष निवासी बजरंग मोहल्ला वार्ड नंबर-1, सकरी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिटटू 20 वर्ष निवासी बंधवापारा, सकरी के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर वायरल वीडियो में चाकू लहराने के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, मेमोरेण्डम कथन में दोनों ने चाकू लहराने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 822/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।