
रमेश राजपूत
बिलासपुर – नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप ऑनरेक्स की भारी खेप पकड़ी है। पुलिस ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर एक कार को रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर सरकंडा पुलिस टीम ने बिरकोना रोड गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी के दौरान डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। इसका कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप रखने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन बघेल 28 वर्ष, निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे 26 वर्ष, निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में राजा भोई और नीरज पटेल को फरार आरोपी बनाया है, जिन पर बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।