
रमेश राजपूत
बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जिला ग्रामीण की जिला स्तरीय कार्यशाला मंगलवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लगातार 25 वर्षों तक देश और समाज की सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया। इसी जनसेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को नमन करते हुए घर-घर और संस्थानों में दीप जलाए जाएंगे। यह दीप प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान, शुभकामना और आशीर्वाद का प्रतीक होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के दौरान सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संपर्क कर उन्हें योजनाओं के लाभ की जानकारी देने का आह्वान किया। साव ने बताया कि अभियान के दौरान सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन उत्सव, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा में मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान और रंगोली सहित 13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। गरीबों को आवास, निःशुल्क उपचार, खाद्यान्न और किसानों को सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य इन जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
हर कार्यकर्ता समाज का सेवक : तोखन साहू

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का सदस्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाला सेवक है। सेवा और समर्पण भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य करने तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान केवल एक माह तक सीमित न रहे, बल्कि समाज में निरंतर सेवा और सहयोग की भावना मजबूत हो।
राष्ट्रवाद भाजपा कार्यकर्ता का मूल मंत्र : सुशांत शुक्ला

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस एक ही दिन होना सुखद संयोग है। भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्रवाद है और राष्ट्र पहले, बाकी सब बाद में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का मूल मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की पंच निष्ठा का पालन करते हुए सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने तथा गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की।
बूथ स्तर तक पहुंचे सेवा का संदेश

जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनअभियान बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्ययोजना और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने देवरीखुर्द मंडल अध्यक्ष रवि बरगाह और करगी कला मंडल अध्यक्ष भोजेश रजक को सम्मानित किया।

कार्यशाला में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं प्रदेश प्रभारी NGO एस.डी. बड़गईया, संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, जनक राम देवांगन, जिला उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, राजेश कश्यप, अवधेश अग्रवाल, जिला कार्यसमिति सदस्य विजयधर दीवान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र दुबे, जिला मंत्री प्रणव शर्मा, युवा मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कोटा, बेलतरा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के 14 मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, नगरीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पार्षद, सरपंच, पंच समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।