
उदय सिंह
बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में दो साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी नीतिन लोनिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान मासूम को जलती आग में डाल दिया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई थी। मिली जानकारी के मुताबिक, घुटकू गांव की एक महिला अपने देवर नीतिन लोनिया के साथ कुछ दिनों के लिए रायपुर चली गई थी। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों वापस घुटकू लौट आए। बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद भी विवाद जारी रहा। इसी दौरान दो साल की मासूम बच्ची को कथित तौर पर आरोपी द्वारा आग में फेंक दिया गया था, आग में झुलसने के बाद बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। उसके हाथ, पीठ और पैरों में जलने के गहरे निशान बताए गए हैं। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि मासूम जिंदगी की जंग जीत जाएगी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची और उसकी मां के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना भी दी थी। बाद में बच्ची के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी सामने आई। मासूम की मौत के बाद पुलिस ने घटनाक्रम की जांच तेज कर दी। एएसपी पंकज कुमार पटेल ने मामले को लेकर जानकारी दी है की पुलिस ने मामले में हत्या की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी नीतिन लोनिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और मासूम को किन परिस्थितियों में आग के संपर्क में लाया गया।