
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों में नगर पंचायत पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने अन्य साथियों के साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वहीं, साथ में शराब पी रहे दो अन्य लोगों ठीक बताए जा रहे है। घटना के बाद शराब की गुणवत्ता और मौत के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
चार लोग साथ बैठे, दो की बिगड़ी हालत

मृतक जोहित खरे की पुत्री मनीषा खरे से मिली जानकारी के अनुसार, उनके पिता ने बातचीत के दौरान बताया था कि उनके गृह ग्राम पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमल नाथ और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर शराब पी रहे थे। इस दौरान कुल चार लोग एक साथ बैठकर शराब और चखने का सेवन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद इनमें से दो लोगों की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई, जबकि बाकी दो लोगों को कोई परेशानी नहीं हुई।
पामगढ़ से बिलासपुर तक चला उपचार
तबीयत बिगड़ने पर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। वहां से उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक, पार्षद रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि जोहित खरे की मौत अपोलो अस्पताल में हुई।
मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। शराब के सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आने से यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि मौत की वास्तविक वजह क्या थी। हालांकि, जहरीली या मिलावटी शराब के सेवन की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए चिकित्सकीय जांच और अन्य आवश्यक जांच के निष्कर्ष सामने आना जरूरी है। वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े के निधन से नगर पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, जोहित खरे की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। अब सभी की नजरें जांच और मौत के वास्तविक कारणों के खुलासे पर टिकी हैं।