
रमेश राजपूत
बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र के ढेंका नयापारा में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मासूम गौरव चंद्राकर पिता चंद्रकुमार चंद्राकर रात में सोने के लिए अपने बिस्तर पर गया था। इसी दौरान बिस्तर में छिपे जहरीले करैत सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसने के बाद गौरव की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई, उन्होंने बिना देर किए बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों की निगरानी में मासूम का उपचार लगातार जारी रहा, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान आखिरकार 10 वर्षीय गौरव ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस बच्चे के घर में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि घटना तोरवा थाना क्षेत्र के नयापारा की है। इस हादसे ने एक बार फिर घरों में सोने से पहले बिस्तर और आसपास के स्थानों की जांच करने की जरूरत को सामने ला दिया है। खासकर बारिश के मौसम में जहरीले सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।