
रमेश राजपूत
रायगढ़ – चक्रधर समारोह देखने घर से निकले 16 वर्षीय किशोर की हत्या ने रामभांठा क्षेत्र में सनसनी फैला दी। पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में किशोर का शव मिलने के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोर की हत्या एक युवती को लेकर उपजे विवाद में की गई। आरोपियों ने पहले किशोर का मोबाइल छीनकर उससे एक हजार रुपये मांगे और बाद में पुराने बस डिपो के पास ले जाकर पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर की सुबह कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक किशोर का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के पिता ने शव की पहचान अपने 16 वर्षीय बेटे के रूप में की। परिजनों ने बताया कि किशोर 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सिर पर चोट के निशान मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आखिरी बार साथ दिखे युवकों से खुला राज थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों और घटनास्थल के आसपास मौजूद गवाहों से पूछताछ की। मृतक को आखिरी बार दो युवकों के साथ देखे जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी, दोनों निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने पहले घटना से इनकार किया, लेकिन वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 14 सितंबर को रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां उन्होंने किशोर को एक परिचित युवती के साथ देखा। पुलिस का कहना है कि शिवम बानी उक्त युवती से एकतरफा लगाव रखता था। इसी बात को लेकर किशोर से विवाद हुआ। इसके बाद शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और एक हजार रुपये देने पर मोबाइल लौटाने की बात कही। दोनों आरोपी किशोर को मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए। वहां युवती से मुलाकात नहीं करने की बात को लेकर उसे धमकाया गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया गया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के अनुसार शिवम बरेठ के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सख्त रहेगी। हत्या जैसे गंभीर मामलों में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।