
उदय सिंह
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सरवानी में पुरानी जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विकास बघेल, विजय बघेल और प्रेमशीला बघेल ने गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों से मारपीट की। हमले में दो लोगों के सिर में चोट आई, जबकि एक व्यक्ति की उंगली में चोट लगी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियो के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ग्राम सरवानी निवासी केशव बघेल ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने खुद को ग्राम सरवानी का सरपंच पति बताया है। उसके अनुसार 4 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह हटरी पोड़ी में सब्जी लेने गया था। इसी दौरान दिनेश मरावी ने फोन कर बताया कि उसके बेटे दीपक बघेल, भतीजे दीपेन्द्र बघेल और भाई दावेश्कर बघेल के साथ अटल चौक के पास मारपीट हुई है। सूचना मिलते ही केशव मौके पर पहुंचा। वहां उसके बेटे दीपक के सिर, भतीजे दीपेन्द्र के सिर तथा भाई दावेश्कर के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट के निशान मिले। पूछताछ में तीनों ने बताया कि खेत जाते समय पुरानी जमीन को लेकर विकास बघेल, विजय बघेल और प्रेमशीला बाई से विवाद हुआ। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद विकास ने मोटरसाइकिल के शॉकब से हमला किया, जबकि विजय ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं प्रेमशीला पर दावेश्कर की उंगली काटने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान आसपास के लोगों के मौजूद होने की बात भी शिकायत में कही गई है। पुलिस ने विकास बघेल, विजय बघेल और प्रेमशीला बघेल के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 296, 3(5) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।