
रमेश राजपूत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही – पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में बस के मालिक एवं चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजे के परिवहन में इस्तेमाल Jaguar Travels की 44 सीटर स्लीपर बस (OD30D0606) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना पेंड्रा पुलिस को यात्री बस के जरिए गांजा परिवहन किए जाने की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बस की जांच की तो उसमें 49 पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 245 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट में लगभग पांच किलो गांजा भरा था। मामले में पुलिस ने दिलीप कुमार हिंडिया, पिता स्व. कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, तहसील माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने खुद को बस का मालिक और चालक बताया। पुलिस के अनुसार वह गांजे के अवैध परिवहन में सीधे तौर पर शामिल था। दूसरे आरोपी की पहचान भीमसेन केवट, पिता रामफल केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी धनौरा, मौहरपारा, थाना मरवाही, जिला जीपीएम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि भीमसेन कटघोरा से बस में सवार हुआ था और चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ चल रहा था।
मलकानगिरी से पेंड्रा तक तय हुआ तस्करी का रूट
प्रारंभिक पूछताछ में दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह मलकानगिरी, ओडिशा से गांजा लेकर कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस ने तस्करी का संभावित रूट मलकानगिरी → बोरई → धमतरी → रायपुर → बिलासपुर → पाली → कटघोरा → पसान → पेंड्रा बताया है। अब पुलिस इस नेटवर्क के सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 345/2026, धारा 20(b)(II), 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की है। जब्त गांजे के अलावा बस और तीन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब तस्करी से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अवैध कमाई के स्रोतों की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई एसपी मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और एएसपी अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में पेंड्रा थाना पुलिस, खोंडरी चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए पूछताछ और जांच लगातार जारी है।
