
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद खूनी घटना में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक हाथ में धारदार ब्लेड लेकर रमेश यादव के घर में घुस गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने रमेश यादव से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव को आरोपी ने सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी राजकिरण यादव 23 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम उच्चभिट्ठी में करीब नौ डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर राजकिरण यादव रमेश यादव के घर पहुंचा। आरोप है कि उसके हाथ में स्टील का ब्लेड था। उसने घर में घुसकर गाली-गलौज और धमकी देते हुए रमेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होता देखकर लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। इससे लोचन प्रसाद जमीन पर गिर पड़े और कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के साथ सूचक रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट भी प्राप्त की गई। जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105, 296, 351(3) और 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का ब्लेड जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।