
भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – शराब का सेवन कर तेज रफ्तार और रांग साइड बाइक चलाना रविवार देर रात एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। नेहरू चौक के पास अनियंत्रित बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसे के समय बाइक चालक शराब के नशे में था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस के मुताबिक रतनपुर निवासी करण साहू 28 वर्ष लिंगियाडीह में रहता था। रविवार रात वह कुदुदंड में दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद बाइक से शहर घूमने निकला था। रात करीब साढ़े 12 बजे करण अपने दोस्त हर्ष साहू के साथ स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी 10 ईजी 4903 से मुंगेली नाका की ओर से नेहरू चौक की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक तेज रफ्तार में रांग साइड चल रही थी। इसी दौरान यदुनंदन नगर निवासी मयंक सिंह अपने पिता श्याम सिंह के साथ स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बीएफ 8895 से सामने से आ रहे थे। अचानक स्कूटी सामने आने पर करण बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और उसने सीधे स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में करण के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसके गाल पर भी गहरी चोट थी। वहीं हर्ष के सिर और चेहरे पर चोट लगी। घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद करण को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। हादसे ने एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार के जानलेवा दुष्परिणाम को सामने ला दिया है।