
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक ने टंगिया से हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के हाथ और भुजा में चोट लगी और खून निकल आया। वहीं दो अन्य लोगों पर भी हाथ-मुक्का से मारपीट करने का आरोप है। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकदा निवासी लतेल राम लैहर्षण खेती-किसानी का काम करता है। उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी तिलेश कुमार सूर्यवंशी पूर्व विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। लतेल राम ने जब उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में लतेल राम के दाहिने पंजे और दाहिनी भुजा में चोट आई तथा खून निकलने लगा। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि दिनाराम सूर्यवंशी और प्रमिला सूर्यवंशी ने भी हाथ-मुक्का से उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने तिलेश सूर्यवंशी, दिनाराम सूर्यवंशी और प्रमिला सूर्यवंशी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारण, विवाद की पृष्ठभूमि और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।