
उदय सिंह
बिलासपुर – कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बारिश से बचने के लिए किसान खेत के पास स्थित एक पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के ग्राम मानपुर निवासी जागेश्वर जगत 45 वर्ष बुधवार शाम अपने खेत में मेढ़ बांधने के काम से गए थे। उनके साथ गांव का ही एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। दोनों खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान शाम को अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश तेज होने पर जागेश्वर पानी से बचने के लिए खेत के पास ही स्थित एक पेड़ के नीचे चले गए, जबकि उनका साथी खेत में काम करता रहा। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए तत्काल कोटा स्थित अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जागेश्वर को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से गांव में शोक का माहौल है। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।