
उदय सिंह
बिलासपुर – पचपेड़ी थाना क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद विक्रय राशि का भुगतान नहीं करने और कथित तौर पर फर्जी चेक देने का मामला सामने आया है। विद्याडीह टांगर निवासी एक व्यक्ति ने मनीराम कश्यप पर धोखाधड़ी कर अपनी जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पचपेड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो चेक दिए, दोनों से नहीं हुआ भुगतान
मिली जानकारी के अनुसार, विद्याडीह टांगर निवासी गोविंद प्रसाद दिनकर 51 वर्ष ने शिकायत में बताया कि ग्राम विद्याडीह स्थित उनकी 0.166 हेक्टेयर जमीन, जिसमें खसरा नंबर 262/1 और 263 शामिल हैं, को उन्होंने मनीराम कश्यप निवासी शांतिपारा, छतौना, जिला मुंगेली के हाथों 24 मार्च 2026 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से बेचा था। जमीन की कीमत 2 लाख 76 हजार 371 रुपये तय हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रजिस्ट्री के समय मनीराम ने बंधन बैंक का 2,76,371 रुपये का चेक दिया। हालांकि, चेक में शब्दों और अंकों में लिखी राशि में अंतर होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। इसकी जानकारी देने पर आरोपी ने दूसरा चेक दिया।
खाते में राशि नहीं, हस्ताक्षर भी बेमेल
गोविंद प्रसाद के मुताबिक, उन्होंने दूसरा चेक 2 मई 2026 को बैंक में जमा किया, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने और चेक जारीकर्ता के हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने के कारण चेक वापस कर दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर दूसरे व्यक्तियों के चेक देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली, लेकिन तय राशि का भुगतान नहीं किया।मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि और चेक से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।