
उदय सिंह
बिलासपुर – न्यायधानी के रेलवे क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डीआरएम कार्यालय के पास लिटिल वाणी स्कूल के सामने खड़ी एक क्रेटा कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार के मालिक मनीष गोयल अपने बच्चों को स्कूल से लेने पहुंचे थे। इसी दौरान कार के बोनट से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी जलकर खाक हो गई।
बोनट से उठा धुआं, देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी कार
जानकारी के मुताबिक, मनीष गोयल सोमवार सुबह अपने बच्चों को लेने के लिए लिटिल वाणी स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी क्रेटा कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। शुरुआत में धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी और पूरी कार लपटों से घिर गई।
स्कूल के सामने अचानक कार में आग लगने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने गाड़ी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल पहुंची, लेकिन तब तक जल चुकी थी कार
घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। आग बुझने के बाद क्रेटा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आई और गाड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
बड़ा सवाल—आखिर कैसे लगी आग?
इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, स्कूल के सामने इस तरह अचानक कार में आग लगने की घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। फिलहाल कार में आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्या बोनट के भीतर किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना ने एक बार फिर वाहनों में अचानक आग लगने की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।