
रमेश राजपूत
बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में युवक के साथ मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपी बिलासपुर के मंगला स्थित आजाद चौक के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, ग्राम समडील थाना तखतपुर निवासी दुर्गेश साहू पिता अनिल साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BL 1353 से ग्राम गनियारी आया था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपी उसकी पल्सर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4), 119(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेहियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी 19 वर्ष, नन्द कुमार केवट 19 वर्ष और नीरज सूर्यवंशी 19 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पूर्व में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, दिलीप साहू सहित पुलिस टीम के जवानों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।