
रमेश राजपूत
बिलासपुर – न्यायधानी में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ महापर्व के शुभारंभ पर अरपा नदी के छठ घाट में गंगाजी की तर्ज पर भव्य अरपा महाआरती का आयोजन किया गया। ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेम दास जी महाराज के सानिध्य में छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस महाआरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 5100 दीपों के दान से पूरा छठ घाट जगमगा उठा और अरपा तट का नजारा भक्तिमय हो गया।आयोजन में विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी सहित कांग्रेस नेता विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला और प्रमोद नायक समेत शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्तिक मास में दीपदान के विशेष महत्व को देखते हुए समिति की ओर से 5100 दीप जल में प्रवाहित किए गए। श्रद्धालुओं ने भी दीपदान कर अरपा मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

महाआरती के दौरान भव्य आतिशी फायर शो, पंथी नृत्य और आकर्षक रंगोलियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। अलग-अलग टोलियों में पहुंचे श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ दीप प्रवाहित करते नजर आए। एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर दीपों की रोशनी और आरती के दृश्य ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महाआरती के बाद ट्रैफिक व्यवस्था संभालने उतरी पुलिस
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। आगामी पूजा के दौरान घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है। सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन तय किया गया है। शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आठ से अधिक पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वहीं सिर पर पूजा की टोकरी (दौरी) लेकर जाने वाले छठ व्रतियों और उनके परिजनों के वाहनों को विशेष छूट देते हुए घाट के नजदीक तक पहुंचने की अनुमति दी जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।