
रमेश राजपूत
बिलासपुर – बिरकोना रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में युवक का पैर टूट गया, जबकि उसके साथ मौजूद मासूम बच्चे के पैर पर बोलेरो का पहिया चढ़ गया। पीछे बैठे एक अन्य साथी को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोंकी निवासी अजय कुमार सूर्यवंशी 25 वर्ष पिता छतलाल सूर्यवंशी, अपनी बाइक से एक बच्चे और साथी के साथ बिरकोना आया हुआ था। काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिरकोना रोड पर पीछे से तेज गति से आ रही बोलेरो क्रमांक CG05 V 4973 ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अजय कुमार सूर्यवंशी का पैर टूट गया, जबकि उसके साथ मौजूद भतीजे मयंक के पैर पर बोलेरो का पहिया चढ़ गया। पीछे बैठे साथी को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद बोलेरो चालक और दुर्घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।