रायपुर

प्रेम प्रसंग में युवक को जिंदा दफनाया, अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने महिला समेत 5 को दबोचा, एक आरोपी अब भी फरार

रमेश राजपूत

रायपुर – ग्रामीण जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव के मामले ने उस समय भयावह मोड़ ले लिया, जब पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग और रंजिश के चलते की गई थी। दिल दहला देने वाली इस वारदात में आरोपियों ने पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की, फिर अधमरी हालत में उसे मुरूम खदान के गड्ढे में जिंदा दफना दिया। इस सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के मुताबिक 21 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक मुरूम गड्ढे में किसी व्यक्ति का शव दफन है। मौके पर पहुंची अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने देखा कि शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर निकला हुआ था। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया।

पीएम रिपोर्ट ने खोली खौफनाक सच्चाई

डॉक्टरों की रिपोर्ट में सामने आया कि मृतक के गर्दन पर गहरा आघात किया गया था। इतना ही नहीं, उसे संभवतः अधमरी हालत में गड्ढे में दफन कर दिया गया, जिससे उसके नाक और मुंह के जरिए मिट्टी श्वासनली तक पहुंच गई और सांस रुकने से उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्या बताई गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों और सीमावर्ती जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान शुरू किया। कपड़ों, टैटू और अन्य पहचान के आधार पर शव की पहचान थाना माना में दर्ज गुमशुदगी के युवक नितेश बत्रा 29 वर्ष निवासी माना, रायपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा कई किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

प्रेम प्रसंग बनी हत्या की वजह

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस श्याम सुंदर सोनी तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे। 16 मार्च की रात श्याम सुंदर सावित्री के घर पहुंचा था, जहां नितेश बत्रा पहले से मौजूद था और घर की ओर देख रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार श्याम सुंदर ने पहले नितेश के साथ मारपीट की और फिर पास पड़ी बबूल की लकड़ी से उसके सिर पर वार किया। इसी दौरान सावित्री साहू भी बाहर आई और कथित तौर पर नितेश को और मारने के लिए उकसाया। इसके बाद श्याम सुंदर अपने दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को ऑटो में लेकर आया। सभी ने मिलकर नितेश की बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने नितेश को ऑटो में बैठाया और उसकी स्कूटी को अलग रास्ते से ले जाकर पुलिया के नीचे फेंक दिया, ताकि हादसे का भ्रम पैदा किया जा सके। इसके बाद उसे खोरपा, खट्टी और ढोढ़रा के बीच तालाब के पास ले जाया गया, जहां फिर मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके गले में गमछा फंसाकर खींचा, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद सभी उसे परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच स्थित मुरूम खदान में ले गए और वहीं दफना कर फरार हो गए।

ये आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार

पुलिस ने इस मामले में श्याम सुंदर सोनी 21 वर्ष, सुमित कोसले 21 वर्ष, सावित्री साहू 21 वर्ष और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में संलिप्त माईकल सैनी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1), 238, 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

error: Content is protected !!
Letest
स्वतंत्रता दिवस की रोशनी में तिरंगे रंग में सजा पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप… देशभक्ति के रंग में रंगा ब... सीपत: मॉर्निंग वॉक के समय की रेकी, घर में घुसे चोर, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे दो आरोपी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देवरीखुर्द में दिखा देशभक्ति का जुनून, युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर न... रतनपुर:- हरेली की रात नशे में घर से निकला 20 वर्षीय जगदीश, सुबह बावली में तैरती मिली लाश पीएम सूर्य घर योजना के नाम पर 4.50 लाख की धोखाधड़ी, सोलर पैनल नहीं लगाने पर तीन के खिलाफ FIR बिलासपुर:- कस्टडी मौत पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार, ढाई साल बाद FIR पर सवाल, अब CBI खोलेगी हिरासत ... हावड़ा-मुंबई दुरंतो में सोने की तस्करी का भंडाफोड़...1.96 करोड़ का 1.242 किलोग्राम सोना जब्त, डकैती से पहले पुलिस का शिकंजा, हथियारों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार... रात्रि गश्त और मुखबिर की सूचना... तिरंगे की शान और देश की एकता का लिया संकल्प.. पुलिस परेड ग्राउंड में गूंजा भारत माता का जयघोष, सड़क हादसे में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत: तेज रफ्तार बाइक ने लूना को मारी टक्कर,