
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित आचार्या इंस्टीट्यूट ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए CBSE बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 में ऐतिहासिक परिणाम दर्ज किया है। इस वर्ष संस्थान का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जिसने न केवल संस्था का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सतत सहयोग का जीवंत उदाहरण मानी जा रही है। संस्थान के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उच्च अंक अर्जित किए और आचार्या इंस्टीट्यूट को जिले के टॉप शैक्षणिक संस्थानों में एक बार फिर स्थापित किया। इस वर्ष भी कई छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रमुख रूप से अंशिका अग्रवाल और तनिषा चौधरी ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं एम.डी. अरज़ान (97.6%), यश घनश्याम (97.4%), आराध्या अग्रवाल (97.2%), अथर्वा क्रिसमुक्स (97.2%) और विनायक गुप्ता (97%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा अकांक्ष अग्रवाल और नैतिक मेश्राम (96.4%), अन्वी श्रीवास्तव, सचित यादव एवं आदिता कौशिक (95.8%), सिमरन मोटवानी और आस्था सोनी (95.4%), अनन्या भावरसर, नविका सिंह, प्रदीप्ति शर्मा तथा समृद्धि मिश्रा (95%) ने भी शानदार अंक प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया। आंकड़ों के अनुसार 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 18 से अधिक विद्यार्थी रहे,

जबकि 90 प्रतिशत से ऊपर अंक लाने वाले 70 से अधिक और 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 135 से अधिक विद्यार्थी सफल रहे। ये परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि आचार्या इंस्टीट्यूट केवल टॉपर्स ही नहीं, बल्कि हर स्तर के विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। संस्थान की शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों के समग्र विकास पर केंद्रित है, जिससे वे शैक्षणिक के साथ-साथ जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी सफलता हासिल कर सकें। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर संदीप द्विवेदी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है,

बल्कि यह अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में सफल बनाना नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार और सक्षम नागरिक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने आगे बताया कि आचार्या इंस्टीट्यूट में आधुनिक शिक्षण तकनीकों, नियमित टेस्ट सीरीज, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर प्रेरित किया जाता है।

यही कारण है कि संस्था हर वर्ष शानदार परिणाम देती आ रही है और विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की पहली पसंद बनी हुई है। अंत में संस्थान परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी आचार्या इंस्टीट्यूट इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाए रखेगा।